नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच बीते पांच दिनों से चल रहे महायुद्ध के बीच बहुत बड़ा दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस, यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदीमीर जेलेंस्की की हत्या की फिराक में है। अपने मंसूबे में कामयाब होने के लिए रूस ने यूक्रेन की राजधानी में विशेष तौर पर अपने चार सौ आक्रमणकारी तैनात किए हैं। 

यह दावा ब्रिटिश अखबार द टाइम्स ने किया है। अखबार के मुताबिक रूस ने कीव में अपने चार सौ आक्रमणकारियों को विशेष तौर पर सिर्फ यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या के लिए तैनात किया है। रूस ने इन आक्रमणकारियों को यूक्रेनी राष्ट्रपति का सिर कलम करने का आदेश दिया है। यह आक्रमणकारी यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या के मौके की तलाश में हैं। 

यह भी पढ़ें : Russia Ukraine War Live Updates In Hindi

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में अब तक कम से कम 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो चुकी है। जबकि हजार से ज्यादा नागरिक घायल बताए जा रहे हैं। रूसी आक्रमणकारियों के हमले का यूक्रेन ने मुंह तोड़ जवाब देने का इरादा किया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने साफ किया है कि यूक्रेन अपनी संप्रभुता के लिए आखिरी दम तक लड़ेगा। 

दूसरी तरफ रूस पर कूटनीतिक और आर्थिक प्रतिबंध जारी है। यूरोपीय यूनियन ने रूसी नागरिकों को यूरोप की नागरिकता न देने का फैसला किया है। वहीं आर्थिक प्रतिबंधों की वजह से रूस की अर्थव्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ा है। डॉलर के मुक़ाबले रूस की करेंसी रुबेल में अब तक तीस फीसदी की गिरावट देखी गई है।