ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने करीब 12 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि किशोरी के प्रेमी ईशान खान ने रिश्ते के भाई अरबाज खान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी और ईशान के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी लेकिन कुछ समय से किशोरी ईशान से दूरी बनाने लगी थी। परिजन उसका विवाह कहीं और तय करने की तैयारी में थे। इसी बात से नाराज ईशान ने किशोरी को रास्ते से उठाकर हत्या करने की योजना बनाई थी।
यह भी पढ़ें:ईरान से युद्ध के बीच अमेरिका में बड़ा इस्तीफा, आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने छोड़ा पद
किशोरी ग्वालियर के अवाड़पुरा इलाके में रहती थी और नया बाजार स्थित एक साड़ी सेंटर में काम करती थी। रविवार रात दुकान से घर लौटते समय केआरजी कॉलेज के पास ईशान और अरबाज ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद दोनों उसे कैंसर पहाड़िया ले गए।
वहां ईशान ने किशोरी से निकाह करने के लिए कहा लेकिन उसने इसके लिए साफ मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अरबाज ने किशोरी के हाथ पकड़ लिए और ईशान ने उसकी चुनरी से गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों शव को झाड़ियों में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह झाड़ियों में किशोरी का शव मिलने की सूचना पर कंपू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इससे पहले रविवार रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने किशोरी की गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने ईशान पर संदेह भी जताया था।
यह भी पढ़ें:मोबाइल का बैटरी और डेटा तेजी से खत्म होना भी हैकिंग का संकेत, CBI ने जारी की एडवाइजरी
जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के कार्यस्थल के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला। फुटेज में ईशान दुकान के आसपास रेकी करता दिखाई दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बलेनो के नंबर के आधार पर उसके मालिक तक पहुंच बनाई। पूछताछ में पता चला कि ईशान कार मांगकर ले गया था।
पुलिस ने पहले अरबाज खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उससे मिली जानकारी के आधार पर सोमवार रात ईशान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, ईशान ने बताया कि किशोरी के शादी के लिए तैयार नहीं होने के बाद उसने उसकी हत्या करने का फैसला पहले ही कर लिया था।
सीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में किशोरी का निकाह से इनकार हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें:हिमालय क्षेत्र में विकास की सोच को बदलना होगा