ईरान से युद्ध के बीच अमेरिका में बड़ा इस्तीफा, आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने छोड़ा पद
अमेरिकी आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उनका फैसला रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ महीनों से चल रहे तनाव के बीच आया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में एक और बड़ा इस्तीफा हुआ है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिकी आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके जाने की वजह आधिकारिक तौर पर नहीं बताई गई है। हालांकि, हाल के दिनों में ड्रिस्कॉल और अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रमुख पीट हेगसेथ के बीच मतभेदों की खबरें सामने आती रही हैं।
ड्रिस्कॉल का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब हेगसेथ के नेतृत्व में अमेरिकी सेना के शीर्ष स्तर पर लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। इससे पहले अप्रैल में सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज को उनके पद से हटाया गया था। इसके बाद जून में यूरोप और अफ्रीका में अमेरिकी सेना की कमान संभाल रहे जनरल क्रिस्टोफर डोनाह्यू भी अचानक अपने पद से हट गए थे। ड्रिस्कॉल का जाना इस क्रम में ट्रंप प्रशासन का तीसरा बड़ा सैन्य इस्तीफा है।
व्हाइट हाउस ने ड्रिस्कॉल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ट्रंप के सैन्य एजेंडे को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यकाल में अमेरिकी सेना की सैन्य तैयारियों और क्षमता को मजबूत करने पर जोर रहा। रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत में भी ड्रिस्कॉल ने भूमिका निभाई थी।
डैन ड्रिस्कॉल का सैन्य और राजनीतिक हलकों में पहले से मजबूत संपर्क रहा है। वह इराक युद्ध में हिस्सा ले चुके हैं और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के पूर्व सलाहकार भी रह चुके हैं। दोनों की मुलाकात येल लॉ स्कूल में हुई थी। ट्रंप ने आर्मी सेक्रेटरी के लिए ड्रिस्कॉल को चुने जाने के समय उन्हें सेना में बदलाव लाने की क्षमता रखने वाला नेता बताया था।
इसी बीच पीट हेगसेथ को लेकर अमेरिकी राजनीति में भविष्य की भूमिका की अटकलें भी तेज हैं। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की संभावित उम्मीदवारी को लेकर पूछे जाने पर ट्रंप ने इसे अभी चर्चा के लिए जल्दबाजी बताया। उन्होंने हेगसेथ के पेंटागन में किए गए काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस समय पार्टी का मुख्य ध्यान आगामी मध्यावधि चुनावों पर होना चाहिए।
ट्रंप ने हेगसेथ को अच्छा व्यक्ति बताते हुए कहा कि रिपब्लिकन उम्मीदवारों की दौड़ अभी खुली हुई है और कई ऐसे चेहरे भी सामने आ सकते हैं जिनके नाम फिलहाल चर्चा में नहीं हैं। उनके मुताबिक, हेगसेथ फिलहाल सेना और अमेरिकी सैनिकों के कल्याण पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
हेगसेथ पहले ही 2028 के चुनाव की तैयारी करने संबंधी अटकलों को खारिज कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट में उनके राष्ट्रपति पद की संभावित तैयारी करने का दावा किया गया था। जिसे हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य रक्षा विभाग को मजबूत करना है।
ट्रंप ने बातचीत के दौरान वेनेजुएला और ईरान में हाल की अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों का भी उल्लेख किया और उन्हें सफल बताया। ऐसे समय में डैन ड्रिस्कॉल का इस्तीफा अमेरिकी सेना के शीर्ष नेतृत्व में जारी बदलावों को लेकर नई चर्चा को जन्म दे सकता है।




