ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र में रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपति को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे पति-पत्नी को बाइक सवार चार युवकों ने रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नकदी व कीमती सामान मांगने लगे। इसी दौरान सामने से वाहन आता देख आरोपी महिला का मंगलसूत्र और कानों की झुमकी झपटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, थाटीपुर स्थित न्यू आनंद नगर कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय भूपेंद्र सिंह सोनवार अपनी पत्नी अर्चना के साथ स्कूटी से कृपालपुर गांव में एक रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वे तोरिया मोड़ के पास पहुंचे तभी पीछे से आई एक बाइक ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक पर चार युवक सवार थे।
यह भी पढ़ें:इंदौर में रिहायशी इलाके के बस पार्किंग में भीषण आग, 5 बसें जलकर खाक
दंपति के रुकते ही एक बदमाश नीचे उतरा और उसने भूपेंद्र सिंह के सीने पर 315 बोर का कट्टा अड़ा दिया। आरोपी ने गोली मारने की धमकी देते हुए उनसे कहा कि जो कुछ भी पास में है निकाल दो। अचानक हुई इस घटना से दंपति घबरा गए और कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाश लूटपाट करने लगे।
इसी दौरान सड़क पर सामने से एक वाहन आता दिखाई दिया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने जल्दबाजी में अर्चना के गले से सोने का मंगलसूत्र और कानों से झुमकी झपट ली। झपट्टा इतना तेज था कि महिला के कान में चोट भी आ गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी सुपावली गांव की ओर भाग निकले।
यह भी पढ़ें:बरगी डैम क्रूज हादसे की होगी न्यायिक जांच, रिटायर्ड जज संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोग गठित
घटना के बाद दंपति बुरी तरह सहम गए। उन्होंने रास्ते में कहीं रुकने की हिम्मत नहीं की और स्कूटी से सीधे दूसरे गांव पहुंचने के बाद खुद को सुरक्षित महसूस किया। वहां पहुंचकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों के अनुसार, लूटे गए जेवरों का कुल वजन करीब सवा तोला था। सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित दंपति ने आरोपियों का हुलिया भी पुलिस को बताया है।
उनके अनुसार, एक बदमाश भारी शरीर का था। जबकि, दूसरा लंबा था और उसके बाल एक तरफ से छोटे-बड़े कटे हुए थे। बिजौली थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि दंपति की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS छात्रा की मौत के तीन महीने बाद मकान मालिक ने दी जान, पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप