भोपाल में MBBS छात्रा की मौत के तीन महीने बाद मकान मालिक ने दी जान, पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

भोपाल के कोहेफिजा इलाके में MBBS छात्रा की आत्महत्या के तीन महीने बाद उसी मकान के मालिक विजय राठौर ने भी आत्महत्या कर ली। पत्नी ने छात्रा के परिजनों और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

Updated: May 10, 2026, 03:16 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा इलाके में एमबीबीएस छात्रा की आत्महत्या के करीब तीन महीने बाद उसी मकान के मालिक विजय राठौर ने शनिवार देर रात आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार ने छात्रा के परिजनों और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि लगातार दबाव और झूठे केस में फंसाने की धमकियों के कारण विजय राठौर गहरे तनाव में थे।

जानकारी के मुताबिक, गांधी मेडिकल कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा रोशनी ने फरवरी महीने में कोहेफिजा स्थित किराए के मकान में आत्महत्या की थी। छात्रा की मौत के बाद परिजनों और मेडिकल छात्रों ने हत्या की आशंका जताई थी और पूरी रात थाने में प्रदर्शन भी किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी गठित की थी।

अब उसी मकान के मालिक विजय राठौर की मौत के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। विजय की पत्नी करुणा राठौर ने आरोप लगाया कि छात्रा के परिवार वाले बार-बार घर आकर हत्या के आरोप लगाते थे और उनके पति पर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि पुलिस भी बयान दर्ज करने के नाम पर विजय राठौर को थाने बुलाकर लंबे समय तक बैठाए रखती थी। जिसकी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।

पत्नी के अनुसार, विजय राठौर कई बार घर में रोते हुए कहते थे कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। लगातार तनाव और अवसाद के चलते उन्होंने आखिरकार आत्मघाती कदम उठा लिया। परिवार ने छात्रा के परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

फरवरी में हुई छात्रा रोशनी की मौत के मामले में शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। छात्रा का शव बाथरूम में मिला था और पास में एसिड की बोतल रखी हुई थी। बाद में मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में 17 फरवरी का एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव का जिक्र किया था।

सुसाइड नोट में लिखा था, “सॉरी मम्मी-पापा, नीट निकालना आसान है लेकिन एमबीबीएस की पढ़ाई उससे भी ज्यादा कठिन है।” पुलिस के मुताबिक, यह नोट मौत से कुछ घंटे पहले रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच खुद को वॉट्सएप किया गया था।

कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि विजय राठौर मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। उनकी बेटी फिलहाल बेंगलुरु में है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।