इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह तीन इमली के पास खड़ी निजी बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की ऊंची लपटें करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दी थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग के समय निकली चिंगारी से बस में आग लग गई। आग तेजी से फैली और पास में खड़ी अन्य बसों तक पहुंच गई। घटना के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें मौजूद थी। आग बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बाकी बसों को हटाना शुरू किया जिसकी वजह से बड़ा नुकसान टल गया।
यह भी पढ़ें:बरगी डैम क्रूज हादसे की होगी न्यायिक जांच, रिटायर्ड जज संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोग गठित
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान चार तेज धमाकों की आवाज भी सुनाई दी थी। लोगों को आशंका है कि ये धमाके गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुई थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना रिहायशी इलाके के पास होने की वजह से आसपास रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए थे। आग और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा था।
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने रिहायशी क्षेत्र में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत कार्य को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण इलाके में हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS छात्रा की मौत के तीन महीने बाद मकान मालिक ने दी जान, पत्नी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मनीष शर्मा ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक इस पार्किंग से बसों को हटाने और स्थायी समाधान को लेकर कार्रवाई नहीं होती तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।