ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब श्रद्धालु शीतला माता मंदिर से दर्शन कर ऑटो रिक्शा से लौट रहे थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसकी वजह से ऑटो उछलकर नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। चश्मदीद भूरा ने बताया कि स्कॉर्पियो ने इससे पहले बस स्टैंड पर एक ई रिक्शा को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस वाहन का पीछा कर रही थी। भागते समय स्कॉर्पियो चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी थी जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें:पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर करने की कवायद, केंद्र ने 10 रुपए घटाई एक्साइज ड्यूटी

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव के मुताबिक, घायलों में दो बच्चे, एक महिला और ऑटो चालक राजेश कुमार शामिल हैं। फिलहाल इनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने MP21ZE5911 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और एयरबैग भी खुल चुके हैं।

मृतकों की पहचान इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला (52), शुभम उर्फ लाली (30), प्रीति कश्यप (60) निवासी मेरठ और शगुन के रूप में हुई है। सभी मृतक शाक्य परिवार से थे और मुरार के घास मंडी तथा थाटीपुर क्षेत्र में रहते थे। वहीं, घायलों में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में भीषण हादसा, CM की सभा से लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 10 की मौत और कई घायल

हादसे से पहले परिवार में खुशी का माहौल था। पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले ही शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन मनाया गया था। परिवार ने दोपहर में करौली माता मंदिर और फिर स्थानीय वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किए थे। रात को घर पर जन्मदिन मनाने के बाद वे शीतला माता के दर्शन के लिए निकले थे लेकिन लौटते समय यह हादसा हो गया।