भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग की शत प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान आंदोलित हैं। मूंग खरीदी और ई–टोकन सिस्टम समेत अन्य मांगों को लेकर भोपाल में किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच की तैयारी में डटे हैं। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई रास्ते बंद कर दिए हैं, जिससे होशंगाबाद रोड और आसपास के इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी किया है। प्रदर्शन स्थल पर किसानों की दिनचर्या भी जारी है। कुछ किसान रातभर जागने के बाद जहां जगह मिली, वहीं आराम करते नजर आए। वहीं, कई किसान दोपहर के भोजन के लिए दाल-बाटी बना रहे हैं।
किसानों ने नेताओं से प्रदर्शन स्थल पर आकर उनके साथ भोजन करने और बातचीत करने की अपील भी की है। किसानों के समर्थन में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल होकर पोस्टरों पर नारे लिख रही हैं। किसानों ने सरकार की 'सद्बुद्धि' के लिए हवन भी किया। उनका कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार अब भी उनकी फसल का उचित दाम नहीं दे रही। कई किसानों ने आर्थिक तंगी का भी जिक्र किया।
सीएम हाउस के घेराव के ऐलान को देखते हुए एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु से पहले भारी पुलिस बल तैनात है। बता दें, मंगलवार रात नर्मदापुरम रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा था। होशंगाबाद रोड, एम्स, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग से मुख्यमंत्री आवास जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा कड़ी कर दी है। किसानों को रोकने के लिए सरकारी बसें भी सड़क पर खड़ी की गई हैं, ताकि इस मार्ग से आने पर उन्हें आगे बढ़ने से रोका जा सके।
मौके पर मौजूद कुछ किसानों का कहना है कि जैसे ही सभी साथी पहुंचेंगे, वे यहां से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। किसानों के इस मार्ग के अलावा जवाहर चौक होते हुए भी आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।