भोपाल। राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड पर मंगलवार सुबह आरजीपीवी के विद्यार्थियों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक खंभे से जा भिड़ी। खंभे के सहारे बस पलटने से बच गई। हादसे में विद्यार्थियों और बस के तीन स्टाफ सदस्यों समेत करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया।

घटना सुबह करीब 10 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार विद्यार्थी आरजीपीवी जा रहे थे। वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टक्कर के बाद बस में अफरा तफरी मच गई। बाद में बस को सीधा कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें:कूनो में चीते को ग्रामीणों ने मारी गोली, शरीर से निकले छर्रे

दुर्घटना में घायल सुमित पवार ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। सुमित आरजीपीवी में सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा के सेकेंड ईयर के छात्र हैं। वे माता मंदिर से बस में बैठे थे। सुमित के मुताबिक, उस दिन बस करीब आधे घंटे की देरी से चल रही थी। इसके बाद चालक ने तेज गति से बस चलानी शुरू कर दी थी। 

वीआईपी रोड पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया जिससे चालक वाहन को संभाल नहीं सका और हादसा हो गया। छात्र ने बताया कि दुर्घटना से लगभग दो मिनट पहले ही उसने अपने एक परिचित को मैसेज भेजकर बस चालक के लापरवाही से गाड़ी चलाने की जानकारी दी थी। हादसे के बाद चालक की भूमिका और बस की गति को लेकर जांच की जरूरत जताई जा रही है।

हादसे में घायल विद्यार्थियों में बसंत के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। जबकि, खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी के अनुसार, घायल विद्यार्थियों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष है। बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में बस में ड्यूटी कर रहे तीन स्टाफ सदस्य भी शामिल हैं। कुल घायलों की संख्या करीब 10 से 11 बताई गई है। सभी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें:भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेटों से रौंदा, अभिषेक और वैभव ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

आरजीपीवी के वाइस चांसलर आलोक शर्मा ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, 6 से 7 विद्यार्थी घायल हुए थे। इनमें से 4 से 5 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। एक-दो अन्य घायलों को भी जल्द छुट्टी मिलने की संभावना है। जबकि, एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। कुलपति ने कहा कि बस चालक की लापरवाही के पहलू की जांच कराई जाएगी। विश्वविद्यालय का ट्रांसपोर्ट विभाग से भी चर्चा कर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर रहेगा।

कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र से आरजीपीवी के विद्यार्थियों को लेकर निकली थी। वीआईपी रोड पर मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद खंभे से जा भिड़ा। हादसे के बाद बस को सीधा कराया गया और उसमें मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। फिलहाल दुर्घटना की परिस्थितियों, बस की गति और चालक की कथित लापरवाही से जुड़े तथ्यों की विस्तृत पुष्टि होना बाकी है। जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।