इंदौर। इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर हमला कर दिया। इस दौरान पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हो गए।
दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में हुए AI Impact समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने 21 फरवरी को इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने गांधी भवन के आसपास बैरिकेडिंग कर दी थी। साथ ही वज्र वाहन भी तैनात कर दिया गया था, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।
इसके बावजूद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष के सिर में भी पांच टांके लगे हैं। कांग्रेस नेता अमीनुल खान सूरी ने बताया कि अचानक बीजेपी युवा मोर्चा ने पथराव शुरू कर दिया। हमें संभलने का मौका तक नहीं मिला। भाजपा के गुंडे हमला करने की नीयत से ही आए थे। उन्होंने कहा कि इस हमले में कांग्रेस के एक दर्जन पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हो गए। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मी और पत्रकार भी घायल हुए हैं।
घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “मध्य प्रदेश में भाजपा के गुंडों का तांडव चल रहा है। सदन में भाजपा के नेता जनता के प्रतिनिधियों से औकात पूछते हैं और सड़क पर भाजपा के गुंडे जनता पर पत्थर फेंककर सिर फोड़ते हैं। आज इंदौर में भाजपा के गुंडों ने सरेआम कांग्रेस कार्यालय के सामने पत्थरबाजी की, जिसमें इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और कांग्रेस के कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। कई आम लोग और पत्रकार भी घायल हुए हैं।”
पटवारी ने आगे कहा, “भाजपा के नेता कलेक्टर पर हाथ उठाते हैं, फिर पुलिस पर हाथ उठाते हैं, फिर न्यायाधीश पर हाथ उठाते हैं। अब जनता पर पत्थर फेंकने लगे हैं, क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेलगाम है। गृह मंत्री मोहन यादव ने भाजपा के गुंडों को खुला संरक्षण दे रखा है। ये राहुल गांधी जी के बब्बर शेर कार्यकर्ता हैं। आपके इन पत्थरों से डरने वाले नहीं।”