नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI को नया अध्यक्ष मिल गया है। कांग्रेस हाईकमान ने इस बार दलित वर्ग के युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। विनोद जाखड़ एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इसी के साथ पार्टी की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया यानी NSUI को पहली बार राजस्थान से अध्यक्ष मिला है।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एनएसयूआई की राजस्थान इकाई के मुखिया विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस आशय की जानकारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी। जाखड़ अभी राजस्थान NSUI के प्रदेशाध्यक्ष हैं। वे वरूण चौधरी का स्थान लेंगे, जो अब तक संगठन के अध्यक्ष थे।
विनोद जाखड़ की गिनती युवा दलित नेताओं में की जाती है। जाखड़ राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए खुद राहुल गांधी ने पिछले दिनों इंटरव्यू लिए थे। राजस्थान से निर्मल चौधरी भी इंटरव्यू देने वालों में शामिल थे। जाखड़ की नियुक्ति को कांग्रेस के अंदरूनी सियासी समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
विनोद जाखड़ को पिछले साल 30 सितंबर को राजस्थान यूनिवर्सिटी में आरएसएस के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। जाखड़ को 17 दिन जेल में रहना पड़ा था। 17 अक्टूबर 2025 को जाखड़ को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। जाखड़ ने राजस्थान यूनिवर्सिटी में आरएसएस के कार्यक्रम के विरोध की अगुवाई की थी। सचिन पायलट के समर्थक विनोद जाखड़ को कांग्रेस के राष्ट्रीय छात्र संगठन का चीफ बनाने को कांग्रेस के अंदरूनी सियासी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।