चंडीगढ़। मोहाली के कई निजी और सरकारी स्कूलों को मंगलवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। ईमेल में स्कूलों के साथ-साथ फोर्टिस अस्पताल मोहाली को भी उड़ाने की बात लिखी गई है। इसी अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान उपचाराधीन हैं, जिसके चलते सुरक्षा पहले से ही कड़ी थी।

फोर्टिस अस्पताल को दोपहर 1.11 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरी मेल में CM मान को लेकर लिखा गया है कि भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने उन्हें पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वह बच गए तो बेअंत जैसा हाल करेंगे। फोर्टिस अस्पताल से CM भगवंत मान की लाश ही निकलेगी। पंजाब के दिवंगत पूर्व CM बेअंत सिंह को चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम से उड़ाया गया था।

पोलोनियम दुर्लभ रेडियोएक्टिव पदार्थ है, जो अत्याधिक विषैला होता है। धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अस्पताल को चारों तरफ से पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घेरा डाल दिया है। यहां 5 बम निरोधक दस्ते एक्टिव कर दिए गए हैं। मोहाली के SP दिलप्रीत सिंह ने कहा कि अभी तक CM को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की कोई बात नहीं है। CM सिक्योरिटी के साथ पुलिस टीमें अलर्ट हैं।

फोर्टिस अस्पताल के साथ मोहाली के 16 स्कूलों को भी धमकी मिली है। धमकी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। एहतियातन सभी स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई। जो बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें अभिभावकों को सूचना देकर वापस भेजा गया। स्कूल बसों को भी बीच रास्ते से लौटाया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने की अपील की गई।

दूसरी ओर पुलिस ने सभी संदिग्ध स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वॉड, एंबुलेंस और भारी पुलिस बल को स्कूलों व अस्पताल परिसर में तैनात किया गया है। फोर्टिस अस्पताल में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है।