सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में सोमवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा प्लांट कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सीएसपी डीपी सिंह चौहान के मुताबिक, भटनवारा के पास स्थित इस सॉल्वेंट प्लांट में धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल तैयार किया जाता था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अज्ञात कारणों से प्लांट में आग भड़की थी जो धान की भूसी और तेल के संपर्क में आने के बाद तेजी से फैल गई थी। देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थी।
यह भी पढ़ें:खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन दें, नागरिकों की सुरक्षा जरूरी: सुप्रीम कोर्ट
घटना के समय फैक्ट्री में चार से पांच कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही कुछ कर्मचारी बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन तिघरा निवासी मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह परिहार और मुन्नू केवट अंदर फंस गए। दमकल और बचाव दल ने दोनों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए थे। करीब ढाई घंटे बाद मुन्नू केवट को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, दिलावर सिंह को बचाया नहीं जा सका। सर्च ऑपरेशन के दौरान उसके जले हुए शव के अवशेष बरामद किए गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक दिलावर सिंह के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और नाराजगी जताते हुए सतना अमरपाटन रोड पर चक्काजाम कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच देर रात तक बातचीत चली। आखिरकार प्लांट संचालक की ओर से 15 लाख रुपए मुआवजा देने और प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपए की सहायता देने के आश्वासन के बाद सुबह करीब साढ़े तीन बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
यह भी पढ़ें:MP-राजस्थान में पारा 46 डिग्री पार, अगले 7 दिन तक नहीं मिलेगी राहत, 10 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि फैक्ट्री परिसर का तापमान सामान्य होने और आग पूरी तरह बुझने के बाद विशेषज्ञों की टीम के साथ विस्तृत जांच की जाएगी। इसके अलावा घायल कर्मचारी और अन्य मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, उचेहरा एसडीएम सोमेश द्विवेदी, कोतवाली टीआई रवीन्द्र द्विवेदी, कोलगवां टीआई सुदीप सोनी, सिविल लाइन टीआई योगेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम के फायर अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। जानकारी के मुताबिक, इस राइस मिल के मालिक सतना निवासी सौरभ जैन हैं। प्लांट का संचालन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ निवासी वीरेन्द्र प्रधान किराए पर लेकर कर रहे थे। वहां धान की भूसी से तेल बनाने का काम किया जाता था।
यह भी पढ़ें:5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज से 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ ईंधन