भोपाल। राजधानी भोपाल की हुजूर तहसील के ग्राम बेरखेड़ी बाज्याप्त में बेदखली की कार्रवाई को लेकर रहवासियों में नाराजगी है। यहां लंबे समय से रह रहे लोगों को जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में रहवासी अपनी समस्याएं लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मिलने पहुंचे। उनका कहना है कि वे पिछले 20 से 25 वर्षों से यहां रह रहे हैं, इसके बावजूद अब उन्हें घर खाली करने के लिए कहा जा रहा है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर पाने वाले लोग भी शामिल हैं।
रहवासियों ने पुलिस पर जेल भेजने और डंडे मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि झुग्गियां खाली नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। लोगों ने सर्वे में गड़बड़ी और धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत भी की है।
गांव में करीब 25 वर्षों से रह रहीं शीला बाई ने बताया कि यहां लगभग 200 परिवार झुग्गियां बनाकर रहते हैं। वह खुद भी पिछले 25 साल से यहां रह रही हैं, लेकिन अब उन्हें झुग्गी तोड़ने का नोटिस दिया गया है। शीला बाई के मुताबिक, झुग्गी खाली नहीं करने पर जेल में डालने की धमकी दी जा रही है। इतने लंबे समय से रहने के बावजूद अब उन्हें अपना आशियाना छिनने का डर सता रहा है।
वहीं, रहवासी रेवाराम ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला है। इसके बावजूद अब उन्हें घर खाली करने के लिए कहा जा रहा है। इससे उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने शासकीय नोटिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को लेकर अब कहां जाएंगे। एक अन्य रहवासी साहब सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह जमीन का टैक्स भी भरते हैं। इसके बावजूद उन्हें बेदखली की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि उन्हें धोखे में रखकर अधिकारियों ने सर्वे कराई थी।
रहवासियों ने स्थानीय भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा पर डंडे मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि वे जब मदद की गुहार लेकर भाजपा विधायक से मिलने पहुंचे तो उन्हें कहा गया कि सबका घर टूटेगा और जो विरोध करेगा उसे डंडे पड़ेंगे।
हुजूर तहसील के तहसीलदार न्यायालय से जारी कारण बताओ नोटिस में ग्राम बेरखेड़ी बाज्याप्त की भूमि को शासकीय चरागाह मद की भूमि बताया गया है। रहवासियों से मुलाकात और उनकी समस्याओं को सुनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सिंह ने कहा कि हम आपका आशियाना टूटने नहीं देंगे। उसे बचाने की लड़ाई हम पूरी ताकत से लड़ेंगे।