भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। एसटीएफ ने एक मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब डेढ़ करोड़ रुपए कीमत की कफ सिरप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 10 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

एसटीएफ की यह कार्रवाई देर रात करीब 12 बजे शुरू हुई और तड़के लगभग 3 बजे तक चली थी। अधिकारियों के मुताबिक, मकान के भीतर आफ कफ नाम से अवैध कफ सिरप तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में तैयार माल, पैकेजिंग मशीनें, लेबल और 700 से अधिक पेटियां बरामद की हैं। दो अलग-अलग कमरों में कफ सिरप के कार्टन और बोतलें बड़ी संख्या में रखी मिली थी।

यह भी पढ़ें:ट्विशा शर्मा केस: CBI ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार, मेडिकल जांच के बाद होगी कोर्ट में पेशी

मौके से बरामद कफ सिरप के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा शुक्रवार शाम तक किया जाएगा। साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर क्षेत्र से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस कफ सिरप को अवैध तरीके से बाजार में खपाया जा रहा था।

यह भी पढ़ें:हिमालय पर प्रदूषण का खतरा, मैदानी इलाकों की गंदी हवा से पिघल रहे ग्लेशियर

जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी वह किसी मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मकान मालिक से संपर्क नहीं हो पाया था। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।