भिंड। मध्य प्रदेश में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। कांग्रेस और बीजेपी दोनों प्रमुख दलों के दिग्गजों की प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियां हो रही है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को भिंड पहुंचे और यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के समर्थन में रैली को संबोधित किया।

राहुल गांधी ने भिंड में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी की जीत होगी तो संविधान को बदल दिया जाएगा, यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। राहुल गांधी ने कहा कि ये चुनाव मामूली चुनाव नहीं है। दो विचारधाराओं की टक्कर है। एक तरफ कांग्रेस व इंडिया गठबंधन है जो संविधान को बचाने की कोशिश कर रहा है। दूसरी तरफ भाजपा है जो इस किताब (संविधान की प्रति दिखाकर) को खत्‍म करने वाली है।

राहुल ने कहा कि आजादी के पहले देश के लोगों के पास कोई हक नहीं था। जो भी हक मिला है, इस किताब (संविधान) की वजह से मिला है। अब भाजपा ने मन बना लिया है यदि वो चुनाव जीतेंगे तो वे इस किताब को फाड़कर फेंक देंगे। जो भी देश में प्रगति हुई है, सब गायब हो जाएगी। बीजेपी चाहती है कि ये किताब फेंक दी जाए और देश को 20-25 अरबपति चलाएं। हिंदुस्तान में पब्लिक सेक्टर बना। गरीबों को आरक्षण मिला। सेना में भर्ती होती है, पेंशन मिलती है। सारे अधिकार संविधान से मिलते हैं। 

राहुल गांधी ने कहा कि यदि अगर चुनाव में बीजेपी की जीत होगी तो संविधान को बदल दिया जाएगा। रद्द कर दिया जाएगा। भाजपा ने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्जा माफ किया है। लेकिन मोदीजी ने कभी किसानों के कर्जे को माफ करने की बात भी नहीं की। 24 साल का मनरेगा का पैसा 22 लोगों को दिया है। देश में बीजेपी के 22 मित्र हैं। जिन्हें धन दिया जा रहा है। रामंदिर के शुभारंभ पर सभी 22 वहां बैठे थे। कोई गरीब वहां पर नहीं था। वहां पर हजारों करोड़ों वाले लोग थे। लेकिन एक किसान, मजदूर नहीं दिखा, एक आदिवासी नहीं दिखा। संसद भवन का शुभारंभ होता है। आदिवासी राष्ट्रपति को बुलाया ही नहीं जाता। उनसे कहा गया कि न आप संसद के शुभारंभ में आओगी और न ही राममंदिर में। किसी दलित या पिछड़े का चेहरा नहीं दिखना चाहिए।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि महालक्ष्मी योजना के तहत देशभर की गरीब महिलाओं को लखपति बनाएंगे। हर महीने उनके खाते में 8500 रुपए डाले जाएंगे। हम सीधे बैंक अकाउंट में पैसा डालेंगे। हर गरीब परिवार की लिस्ट बनेगी। हर परिवार से एक महिला का नाम चुना जाएगा। साल में 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। 8500 रुपए हर महीने 1 तारीख को सरकार आपके खाते में डालेगी। 30 सरकारी लाख पद खाली पड़े हैं। हम 6 महीने में आपके हवाले कर देंगे।