सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में हिस्ट्रीशीटर बदमाश चंदन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने किसान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। ज्यादा खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी ने किसान के बेटे पर भी गोली चलाई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभय उर्फ बब्लू यादव (50) के रूप में हुई है। बुधवार शाम गांव में चंदन यादव के छोटे भाई शरद यादव का ग्रामीणों से विवाद हो गया था। इसी दौरान अभय यादव ने उसे डांटते हुए दो थप्पड़ मार दिया था। इस बात से नाराज होकर शरद ने अपने भाई चंदन को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और अपमान का बदला लेने को कहा।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे चंदन यादव अपने पांच साथियों के साथ बारापत्थर गांव पहुंचा। उस समय अभय यादव अपने घर की छत पर टहल रहे थे। आरोपियों ने वहां पहुंचते ही पिस्टल से उन पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग में अभय को कुल पांच गोलियां लगी जिनमें दो पीठ में और एक-एक पेट, गर्दन व पसली में जा धंसी। गंभीर रूप से घायल अभय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद आरोपी यहीं नहीं रुके। वे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अभय के बेटे राणा यादव (25) की किराना दुकान पर पहुंच गए और उस पर भी कई राउंड फायरिंग की। जान बचाने के लिए राणा दुकान से भागा लेकिन उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लग गई जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात के बाद चंदन यादव ने अभय के छोटे बेटे राजा यादव को फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने अभय यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। जबकि, घायल राणा को पहले नागौद सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चंदन यादव पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था लेकिन तय अवधि पूरी होने के बावजूद वापस नहीं लौटा। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक अभय उर्फ बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों सहित कई आपराधिक केस दर्ज थे। वह पहले जेल जा चुका था। फिलहाल नागौद सहित आसपास के थानों की पुलिस चंदन यादव और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बारापत्थर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।