भोपाल। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। इसके बाद वे हजारों की संख्या में प्रदेशभर से आए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर SIR के विरुद्ध सड़क पर उतरे। वे जुलूस की शक्ल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) ऑफिस का घेराव करने निकले थे। हालांकि, पुलिस ने व्यापम चौराहे पर सात लेयर की बैरिकेटिंग कर उन्हें रोक दिया।
बैरिकेडिंग के पास पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव भी हुआ। IYC कार्यकर्ता बैरिकेट पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी की तेज बौछार फेककर उन्हें रोक दिया। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और युवा कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जब आगे बढ़ने को लेकर अड़ गए तो पुलिस ने बल प्रयोग भी किया। लाठीचार्ज के कारण युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया और वे बैरिकेटिंग को तोड़ने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने बस बुलाई और उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़कर बस में बैठाया, तो कई कार्यकर्ता गिरफ्तारी देते हुए खुद ही बस के ऊपर चढ़ गए।
इस दौरान बस में तादात से ज्यादा कार्यकर्ताओं के भर जाने से बस एक तरफ झुक गई। जिसके पलटने की आशंका के चलते पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला। IYC अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा, 'डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान को संविधान सभा में पेश किया था, तब कहा था कि अब राजा का बेटा रानी के पेट से नहीं लोकतंत्र के वोट से पैदा होगा। आज आपका वोट खतरे में है। हमारे नेता राहुल गांधी पूरे देश में जाकर संविधान की खूबसूरती को बचाने का काम कर रहे हैं। लोकतंत्र को बचाने का काम कर रहे हैं। वे वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। हमें एकजुट होकर लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़नी होगी।'