टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा विकासखंड की ग्राम पंचायत टांगना में डायरिया के मामलों में अचानक बढ़ोतरी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के चलते 25 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर मरीजों का इलाज कर रही है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी और वायरल बुखार के मामले पहले से ही सामने आ रहे थे। इसी दौरान गांव में चल रहे शादी-विवाह कार्यक्रमों में खान-पान में लापरवाही बरती गई। जिसके बाद कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की समस्या होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़कर दो दर्जन से अधिक हो गई।

मामले की जानकारी मिलते ही जतारा के बीएमओ डॉ. संजय अहिरवार ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा। डॉ. छबील गुप्ता के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने गांव में पहुंचकर घर-घर जाकर मरीजों की जांच शुरू की। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को ड्रिप लगाई गई और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे गांव का सर्वे कर मरीजों की सूची तैयार की।

बीमारी को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित घरों और आसपास के इलाकों में कीटाणुनाशक दवाइयों का छिड़काव कराया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दूषित भोजन और अशुद्ध पानी इस बीमारी के फैलने की मुख्य वजह हो सकते हैं। इसके चलते ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने की सलाह दी गई है।

डॉ. छबील गुप्ता ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बदलते मौसम और गर्मी के दौरान स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी जरूरी है। उन्होंने लोगों से उबालकर ठंडा किया हुआ पानी पीने और ताजा व ढककर रखा भोजन ही खाने की अपील की है। साथ ही किसी भी व्यक्ति में उल्टी-दस्त या अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य टीम से संपर्क करने की सलाह दी गई है।