मध्यप्रदेश में लॉकडाउन के दौरान विभिन्न जिलों से पुलिस की बर्बरता की लगातार खबरें आ रही है। ताजा मामला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र विदिशा का है। सिरोंज थाने में एक मजदूर के साथ पुलिस के क्रूर व्‍यवहार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। मामले पर कांग्रेस ने सीएम से पूछा है कि सरकार चला रहे हो या "मजदूर मारो मिशन"।



दरअसल, विदिशा पुलिस ने सिरोंज थाने में रविवार को एक मजदूर की जमकर पिटाई की है। मजदूर की वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मजदूर का शरीर पूरी तरह से काला पड़ गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस की आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से फ़ोटो शेयर कर पूछा गया है कि शिवराज सरकार चला रहे हैं या मजदूर मारो मिशन। ट्वीट में कांग्रेस ने लिखा, 'शिवराज के गृह क्षेत्र में पुलिस बर्बरता, गरीब मज़दूर पर टूट पड़े हैवान; मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के क्षेत्र विदिशा के थाना सिरोंज में एक गरीब मज़दूर की पुलिस पिटाई की ये तस्वीरें विचलित और आक्रोशित करती है। शिवराज जी, सरकार चला रहे हो या “मज़दूर मारो मिशन”..? “बेशर्मराज”।'





 



इसके पहले बैतूल में वकील के साथ हुई मारपीट ने प्रदेश को शर्मसार किया था। पुलिस ने स्थानीय वकील दीपक बुंदेले को दाढ़ी रखने के कारण मुसलमान समझकर मारपीट की थी। अधिकारियों ने खुद स्वीकारा था कि उन्हें मुस्लिम समझकर मारा गया था। बाद में विपक्ष और मीडिया द्वारा सवाल खड़ा किए जाने के बाद स्वीकार्य करने वाले अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था।