उज्जैन। महिला कांग्रेस ने शिवराज सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उज्जैन में नूरी खान ने शराब दुकान के सामने दूध बांटा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ। प्रदेश में लागू नई शराब नीति के विरोध में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष नूरी खान केडी गेट स्थित देशी शराब की दुकान पर ताला लगाने पहुंची। जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस ने नूरी खान को दुकान में ताला लगाने से रोकने के लिए ताला छीन लिया।





पुलिस द्वारा ताला छीनने से नाराज मप्र महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ शराब दुकान के बाहर दूध बंटवाना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस नेत्री का आरोप है कि जहरीली शराब से लोगों की मौत हो रही है। बावजूद इसके सरकार अब घर-घर में बार खुलवाने जा रही है। कांग्रेस ने घर-घर दारू, घर-घर बार का पुरजोर विरोध किया।कांग्रेस नेत्री का कहना है कि राज्य में जहरीली शराब से 60 से ज्यादा लोगों की जान गई है। फिर भी जहरीली शराब की बिक्री नहीं रुकी, अब सरकार नई नीति लाकर घर में बार बनवाना चाह रही है। सुपर मार्केट में शराब बिकने की योजना से गरीब और युवा वर्ग की बर्बाद होगी।





महिला कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आला अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। नूर खान पर बिना परमीशन प्रदर्शन और कोविड नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस उनपर कार्रवाई करने की तैयारी में है।



और पढ़ें: विवादों में विक्की सारा की फिल्म लुकाछिपी-2, यूनिट पर लगा मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप



दरअसल महिला कांग्रेस एक अप्रैल से लागू होने वाली नई आबकारी नीति के खिलाफ है। इस नई आबकारी नीति के तहत अंगूर के अलावा जामुन से भी शराब बनाई जा सकेगी। वहीं विदेशी शराब सस्ती करने की योजना है। घर पर शराब रखने की लिमिट भी बढ़ाई जा रही है। वर्तमान सीमा से 4 गुना ज्यादा शराब घरों में स्टोर की जा सकेगी। वहीं सालाना 1 करोड़ की आय वाले लोग अपने घर पर बार खोल सकेंगे। महिला कांग्रेस सरकार की इसी आबकारी नीति का विरोध कर रही है।