ग्वालियर। पड़ाव थाना इलाके में एक शादीशुदा महिला से बलात्कार का मामला सामने आया है। महिला ने रेप का आरोप अपने मकान मालिक पर लगाया है। आरोपी उम्र में महिला से करीब 15 साल बड़ा है। महिला अपने पति के साथ किराए के मकान में ग्वालियर के पड़ाव इलाक के महादेव अपार्टमेंट में रहती थी। करीब 3 साल पहले किसी बात को लेकर महिला और उसके पति का झगड़ा हो गया। जिसके बाद पति कहीं चला गया। तब उसके मकान मालिक बृजेन्द्र उर्फ वीरेन्द्र सिंह ने उसकी मदद की, और दोस्ती का हाथ बढ़ाया।

महिला का कहना है कि आरोपी मकान मालिक ने कहा था कि वह मकान के किराए की चिंता ना करे। वह अक्सर किसी ना किसी बहाने उसके घर आता जाता रहा। महिला का आरोप है कि मकान मालिक ने उसका रेप किया। वहीं कुछ दिनों बाद जब महिला का पति लौट आय़ा और उनका झगड़ा खत्म हो गया तो आऱोपी मकान मालिक उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

महिला ने पुलिस में की शिकायत में बताया है कि आरोपी मकान मालिक पिछले तीन साल से उसके साथ ज्यादती कर रहा है। जब महिला उसका विरोध करती तो वह उसे बदनाम करने की धमकी देता और उसे पीटता था। आखिकार परेशान होकर महिला ने मामले की शिकायत ग्वालियर के पड़ाव थाना पुलिस से की है। पुलिस ने रेप और मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। शिकायत दर्ज होने की खबर पाकर आरोपी घर छोड़कर भाग गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।