इंदौर। इंदौर में एक केमिकल गोडाउन में भीषण आग लग गई। इस घटना में दो महिलाएं जिंदा जल गईं। महिलाओं ने एकादशी पर दीया जलाया था। इससे उनकी साड़ी में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से भड़की। वहां मौजूद दो बच्चे जान बचाकर बाहर भागे।
घटना शनिवार शाम राऊ के पास आरआर कैट रोड पर स्थित एक गोडाउन की है। आग लगने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिस गोडाउन में आग लगी वहां थिनर स्टोर होता था।
फैक्ट्री का नाम स्वास्तिक इंटरप्राइजेज केमिकल है। फैक्ट्री में आग शाम को करीब 6.30 बजे लगी। 7.45 बजे आग बुझाई गई। एसडीईआरएफ और पुलिस ने की टीम ने रेस्क्यू किया। इस दौरान दो महिलाओं की डेड बॉडी बरामद की गई।
इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार चश्मदीदों ने बताया कि देवउठनी ग्यारस की पूजा के लिए दीया जलाया था। इसी से थिनर ने आग पकड़ ली। चूंकि महिलाएं गोडाउन के अंदर थीं तो बाहर नहीं निकल पाईं। गोडाउन में मौजूद बच्चे बाहर भागे, उन्हीं ने इस घटना की पुष्टि की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के केट क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में लगी आग की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।