नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश में महंगाई ने एक और बड़ा झटका दे दिया है। 1 अप्रैल से इंदौर समेत राज्य के कई बड़े शहरों में दूध के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर इंदौर में देखने को मिलेगा। वहां दूध की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी गई है। अब यहां उपभोक्ताओं को दूध 63 से 65 रुपए प्रति लीटर तक खरीदना होगा।
दरअसल, यह फैसला दूध विक्रेता संघ की बैठक में लिया गया है। इसकी अध्यक्षता भारत मथुरावाला ने की। संघ का कहना है कि पशु आहार, चारा, कपास खली और भूसे की बढ़ती कीमतों के कारण दूध उत्पादन महंगा हो गया है। इसके अलावा दुधारू पशुओं की लागत भी बढ़ गई है। जिसकी वजह से विक्रेताओं के लिए पुराने दामों पर दूध बेचना मुश्किल हो गया था।
यह भी पढ़ें:सूरत के घर में लगी भीषण आग, एक मासूम समेत परिवार के कुल 5 लोगों की मौत
नई दरों के तहत होम डिलीवरी लेने वालों को अब 63 रुपए प्रति लीटर देना होगा। इसमें 1 रुपए डिलीवरी चार्ज भी शामिल है। वहीं, अगर ग्राहक सीधे डेयरी या दुकान से दूध लेते हैं तो उन्हें 65 रुपए प्रति लीटर चुकाने होंगे। ये दरें 5.5 से 6 फैट वाले दूध पर लागू होंगी। इंदौर के अलावा असर सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है। धार में दूध की कीमतों में 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। जबकि, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, देवास और बड़वाह जैसे शहरों में भी 2 से 4 रुपए तक दाम बढ़ाने की तैयारी है।
संघ ने दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फैट आधारित प्रणाली को भी सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। पहले जहां दूध 8.60 रुपए प्रति फैट के हिसाब से खरीदा जाता था। वहीं, अब इसे बढ़ाकर 8.95 रुपए प्रति फैट कर दिया गया है। इससे उत्पादकों को फायदा मिलेगा लेकिन इसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें:रतलाम में पोल्ट्री फार्म में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री, 100 किलो केमिकल बरामद
हालांकि, राहत की बात यह है कि सांची दुग्ध संघ ने फिलहाल अपने दाम नहीं बढ़ाए हैं। संघ के सीईओ बलबीर शर्मा के मुताबिक, अभी कीमतें पहले जैसे ही रहेंगी। दूध विक्रेताओं ने साफ संकेत दिए हैं कि अगर पशु आहार की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले समय में दूध के दाम और बढ़ सकते हैं।