पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बीते 19 अगस्त को छात्रा अपने स्कूल के एक दोस्त के साथ थी। तभी स्थानीय जिप्सी चालक और उसके साथ मौजूद दो युवकों ने दोनों को जंगल की ओर ले गए थे। आरोप है कि छात्रा के दोस्त को जिप्सी में बांधने के बाद तीनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने जिप्सी चालक हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे उसका स्कूल का एक दोस्त उससे मिलने पचमढ़ी आया था। बस स्टैंड पर दोनों की मुलाकात स्थानीय जिप्सी चालक हरिओम से हुई थी। उस समय उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके बाद तीनों युवकों के साथ छात्रा और उसका दोस्त हरिओम की जिप्सी में घूमने के लिए निकले। आरोप है कि कुछ देर बाद उन्हें दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल की तरफ ले जाया गया।
यह भी पढ़ें:धार में पुल से गिरी कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 20 श्रद्धालु घायल, 6 की हालत गंभीर
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को डराया धमकाया। छात्रा के दोस्त ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जिप्सी से बांध दिया। इसके बाद नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़कर चले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
घटना के बाद छात्रा बुरी तरह डर गई और घर लौटने के बाद उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब बड़ी बहन ने स्कूल नहीं जाने की वजह पूछी तो छात्रा ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रविवार रात पीड़िता अपने परिजनों के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें:MP में अगले 3 दिन मानसून का स्ट्रांग सिस्टम, प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब इंस्पेक्टर मोनिका सिंह को पचमढ़ी भेजा गया। उन्होंने पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के मुताबिक, नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:अमरावती के शासकीय महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, 3 नवजातों की मौत
घटना के बाद पचमढ़ी में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासतौर पर एक स्थानीय जिप्सी चालक के मामले में शामिल होने के आरोप ने चिंता और बढ़ा दी है। पचमढ़ी आने वाले पर्यटक अक्सर स्थानीय जिप्सी चालकों और गाइडों की मदद से पर्यटन स्थलों तक पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जिप्सी चालकों की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।