शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में पंचायत के खर्चों से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है। वहां पूजा सामग्री की खरीदी के नाम पर एक ढाबे को करीब 10,400 रुपए का भुगतान किया गया है। बिल में रूई की बत्ती, दीये, रिफाइंड तेल, रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल जैसी चीजें दर्ज हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस प्रतिष्ठान से यह खरीदी दिखाई गई है उसका नाम न्यू सोनू यूपी ढाबा है। अब सवाल उठ रहे हैं कि ढाबे से भोजन के बजाय पूजा सामग्री की खरीदी कैसे हुई और इस भुगतान का आधार क्या था।
पंचायत के रिकॉर्ड के मुताबिक, बीते 13 अक्टूबर को न्यू सोनू यूपी ढाबा से पूजा सामग्री खरीदने का बिल बनाया गया था। इसमें 350 पैकेट रूई की बत्ती, 750 दीये और 15 लीटर रिफाइंड तेल समेत अन्य सामान दर्ज है। बिल में एक दीये की कीमत 5 रुपए बताई गई है। हालांकि, खर्च के पूरे गणित और कुल भुगतान की राशि को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें:गन्ने के भाव को लेकर भोपाल में किसानों का हल्लाबोल, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सामने धरने पर बैठे
रिकॉर्ड में करीब 10,400 रुपए का भुगतान दर्ज है लेकिन बिल में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सामग्री किस आयोजन के लिए खरीदी गई थी और इसका खर्च पंचायत की किस मद से किया गया। ढाबे के नाम पर पूजा सामग्री की खरीद दर्ज होने से पंचायत के व्यय की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब शहडोल में सरकारी आयोजनों के खर्च को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इससे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में महज एक घंटे के आयोजन के दौरान 14 किलो ड्राई फ्रूट और 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर की चाय की खपत का मामला चर्चा में आया था। अब पंचायत के इस बिल ने सरकारी पैसों से होने वाले खर्चों के हिसाब किताब को फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल सवाल यह है कि ढाबे से पूजा सामग्री की खरीदी का भुगतान किस आधार पर किया गया और बिल में दर्ज खर्च का पूरा हिसाब क्या है।
यह भी पढ़ें:इंदौर में फिर सजी फूटी कोठी की सब्जी मंडी, विक्रेताओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी लगाई दुकानें