जबलपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान अब अपने अंतिम पड़ाव में है। प्रचार के आखिरी दिनों में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के सभी बड़े नेता प्रदेशभर में रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जबलपुर में राहुल गांधी मेगा रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। 



हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग राहुल गांधी के स्वागत में खड़े दिखे। शहर में जगह-जगह स्वागत मंच बने हुए हैं। कई लोग शहनाई से तो कई लोगों ने बैंड बाजा की धुन पर उनकी यात्रा का स्वागत किया। रहवासी छतों से पुष्पवर्षा करते भी दिखे। विधानसभा चुनाव को लेकर वे पहली बार महाकौशल पहुंचे हैं। शहर की तीन विधानसभा में रोड शो करने के बाद वो राहुल गांधी रात्रि विश्राम भी जबलपुर में करेंगे और फिर शुक्रवार की सुबह सतना के लिए रवाना होंगे।





राहुल गांधी गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पंडा की मढ़िया पहुंचे, जहां से उन्होंने रोड शो प्रारंभ किया, जो उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लेबर चौक तक चला। इसके बाद राहुल गांधी ने लेबर चौक से पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कांचघर चौक तक रोड शो किया।

कांचघर चौक पहुंचकर राहुल गांधी प्रचार वाहन से संबोधन देकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाते दिखे।



जबलपुर के लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश बलात्कार का कैपिटल है। उज्जैन में 11 साल की बच्ची के साथ रेप होता है। बेरोजगारी का कैपिटल भी मध्य प्रदेश है। ये लोग नफरत फैलाते हैं। एक धर्म के लोगों को दूसरे धर्म के लोगों से लड़ाते हैं। एक जात को दूसरी जात से लड़ाते हैं।





राहुल गांधी ने आगे कहा की केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह 

तोमर जी के बेटे का वीडियो आपने देखा होगा। मैंने भी देखा। वहां कभी 15 करोड़, कभी 100 करोड़ तो कभी 25 करोड़ की बात हो रही है। पीएम मोदी ने इसके बारे में कुछ बोला? उन्होंने ने जांच कराई? CBI, ED, IT टीम भेजी? आपने एक और वीडियो देखा होगा, जिसमें एक आदिवासी युवक पर बीजेपी का नेता पेशाब कर रहा है। नरेंद्र मोदी कहते हैं हिंदुस्तान में जात ही नहीं है। दलितों और आदिवासियों पर सबसे ज्यादा अत्याचार इस प्रदेश में है।