धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र के गुजरी डेहरिया गांव में बुधवार सुबह एक तेंदुआ अचानक रिहायशी बस्ती में घुस आया। बस्ती में उस तेंदुए ने लोगों पर हमला कर दिया था। तेंदुए के हमले में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में ग्रामीणों के साथ एक वन रक्षक भी शामिल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची लेकिन घेराबंदी के दौरान तेंदुए ने वनकर्मियों पर भी हमला कर दिया और वहां से भाग निकला।
घायलों की पहचान वन रक्षक दद्दू सिंह, महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर के रूप में हुई है। सभी को पहले प्राथमिक उपचार के लिए गुजरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें वहां से धार जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। धामनोद सिविल अस्पताल के डॉ. बबलू निगवाल ने बताया कि घायलों के पेट, कंधे और चेहरे के पास पंजों के निशान मिले हैं।
यह भी पढ़ें:MP: पीथमपुर में वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में भीषण आग, घंटों की मश्क्कत के बाद पाया गया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ अचानक झाड़ियों से निकलकर बस्ती में पहुंचा और सामने आए लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें तेंदुए को लोगों पर हमला करते देखा जा सकता है।
घायल वन रक्षक दद्दू सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। तभी तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया था। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण ने लाठी मारकर तेंदुए को वहां से भगाया जिसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें:देशभर में पड़ रही जानलेवा गर्मी, कई जगह पारा 45 डिग्री के पार, महाराष्ट्र में हीटवेव से 7 की मौत
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। डीएफओ विजय नाथम ने बताया कि मौके पर 30 से अधिक वनकर्मी तैनात थे। इनमें धामनोद के एसडीओ (वन), मांडव रेंजर संगीता रावत और खरगोन के काकड़दा वन परिक्षेत्र से रेंजर आरके गोंड की टीम शामिल है। रेस्क्यू अभियान को तेज करने के लिए इंदौर से भी विशेष टीम बुलाई गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस के 15 जवानों को मौके पर तैनात किया गया था। प्रशासन ने पुराने एबी रोड पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी थी। वन अधिकारियों के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर तक एक पुलिया के नीचे बने पाइप में छिपा हुआ था। उसे पकड़ने के लिए जेसीबी की मदद से पाइप का एक सिरा बंद कर दिया गया था। जबकि, दूसरी तरफ जाली और पिंजरा लगाया गया था।
यह भी पढ़ें:पाकिस्तान की अपील पर अमेरिका ने बढ़ाया सीजफायर, होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए आज 30 देशों की बैठक
वन विभाग ने ग्रामीणों से घरों के भीतर रहने और बिना जरूरत बाहर नहीं निकलने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गुजरी डेहरिया के आसपास विंध्याचल और मांडव का पहाड़ी इलाका होने की वजह से तेंदुओं की आवाजाही रहती है लेकिन रिहायशी क्षेत्र में इस तरह घुसने की यह पहली घटना है। इससे पहले जनवरी में बॉम्बे आगरा नेशनल हाईवे के पास भी तेंदुए की मौजूदगी देखी गई थी। यहां उसने सिमराली इलाके में एक बकरी का शिकार किया था।