कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में शनिवार को बिलासपुर–बीना रेलखंड पर एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बिलासपुर से कोयला लेकर गुजरात के बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी के पांच डिब्बे कटनी मुड़वारा स्टेशन से पहले बाबा घाट के पास पटरी से उतर गए। हादसे के बाद ट्रैक पर कोयला बिखर गया जिससे इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर ट्रेन संचालन काफी प्रभावित हुआ। रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक बहाली और डिब्बों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का काम कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, कोयले से लदी मालगाड़ी बिलासपुर से रवाना होकर बड़ोदरा की ओर जा रही थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब ट्रेन एनकेजे (कटनी जंक्शन) से कटनी मुड़वारा की ओर बढ़ रही थी। तभी बाबा घाट के पास बने केबिन के नजदीक अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ एक के बाद एक पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। डिब्बों के उतरते ही उनमें भरा कोयला ट्रैक पर फैल गया। घटना के बाद लोको पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोका और रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हलचल मच गई और कटनी, एनकेजे के साथ-साथ जबलपुर और सतना से राहत एवं तकनीकी टीमें मौके पर भेजी गई।
यह भी पढ़ें:उड़ान के कुछ मिनट बाद धुएं से भरा डिप्टी सीएम केशव मौर्य का हेलीकॉप्टर, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम कमल तलरेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और बहाली कार्य की निगरानी कर रहे हैं। पटरी से उतरे डिब्बों को काटकर अलग करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही मजदूरों और मशीनों की मदद से डिब्बों में भरे कोयले को खाली कराया जा रहा है और ट्रैक पर बिखरे कोयले को हटाया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द रेल लाइन को दुरुस्त किया जा सके।
इस दुर्घटना के कारण बिलासपुर–बीना रेलखंड पर ट्रेन संचालन काफी प्रभावित हुआ है। मुड़वारा से बिलासपुर और शहडोल की ओर जाने वाली कई यात्री और मालगाड़ियों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है। रेलवे अधिकारी ट्रैक को जल्द बहाल कर यातायात सामान्य करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें:CG: सूरजपुर में 10वीं की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए 3 छात्र, केंद्राध्यक्ष भी हुए निलंबित