CG: सूरजपुर में 10वीं की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए 3 छात्र, केंद्राध्यक्ष भी हुए निलंबित
सूरजपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल सलका अधीना परीक्षा केंद्र में 10वीं बोर्ड की गणित परीक्षा के दौरान तीन छात्र चिट से नकल करते पकड़े गए। उड़नदस्ता टीम ने निरीक्षण में कार्रवाई की।
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। गणित विषय की परीक्षा में चिट के सहारे उत्तर लिखते हुए तीन छात्रों को उड़नदस्ता टीम ने निरीक्षण के दौरान रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल सलका अधीना स्थित परीक्षा केंद्र में तहसीलदार की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के मुताबिक, उड़नदस्ता टीम परीक्षा के दौरान अचानक निरीक्षण के लिए केंद्र पर पहुंची थी। जब टीम ने परीक्षा कक्षों की जांच की तो तीन छात्र अपने पास रखी चिट के सहारे सवालों के जवाब लिखते हुए पाए गए। मौके पर ही टीम ने तीनों छात्रों के खिलाफ नकल का प्रकरण तैयार किया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि जिले में इस बार 10वीं बोर्ड परीक्षा में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने जिला और ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की टीमें भी लगातार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर निगरानी बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष रज्जाक अंसारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। उनकी जगह सतीश पांडेय को नया केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही पूर्व केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए मामला उच्च कार्यालय को भेजा जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त की जाएगी।




