टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां हेलीकॉप्टर पर सवारी के लिए मंत्री दिलीप अहिरवार दौड़ लगाते हुए दिखे। मंत्री अहिरवार का दौड़ लगाते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव टीकमगढ़ में कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से खजुराहो के लिए रवाना होना था। मुख्यमंत्री अपने लाव-लश्कर के साथ हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में सवार हो गए। रवानगी का समय होने के कारण हेलीकॉप्टर के पंखे (रॉटर) भी घूमने शुरू हो चुके थे।
इसी दौरान राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार वीआईपी काफिले में थोड़े पीछे रह गए थे। जब उन्हें अहसास हुआ कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने ही वाला है और वह पीछे छूट रहे हैं, तो उन्होंने आव देखा न ताव और हेलीपैड की तरफ दौड़ लगा दी।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार कुर्ता-पायजामा पहने पूरी ताकत से हेलीकॉप्टर की तरफ भाग रहे हैं। उनके पीछे उनके सुरक्षाकर्मी भी दिख रहे दौड़ते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि मंत्री जी समय रहते हेलीकॉप्टर तक पहुंच गए और सुरक्षित सवार होकर मुख्यमंत्री के साथ रवाना हो गए।