भोपाल। हिमालय के पहाड़ों से बर्फीली हवाएं चल रही हैं जिससे पूरे मध्य प्रदेश में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। कुछ जगह सामान्य से एक से दो डिग्री तापमान अधिक रहा।

मध्य प्रदेश के चार स्थानों पर तापमान 3 से 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इनदिनों रात में सबसे ज्यादा ठंड पचमढ़ी और उमरिया में पड़ रही है, रात में पचमढ़ी का तापमान 3.0 और उमरिया का तापमान 4.1 दर्ज किया गया। रीवा में 5.2 और नौगांव में 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

फिलहाल प्रदेश में तापमान में उचार-चढ़ाव जारी है।  मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले एक हफ्ते दिन और रात का तापमान सामान्य बने रहने की उम्मीद है। इनदिनों हिंद महासागर क्षेत्र में एक साइक्लोन बन रहा है। जिसकी वजह से आने वाले दो दिनों में हिमालय के क्षेत्रों में अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना है। इसके बाद 27 दिसंबर से हिंद महासागर के बादल प्रदेश में छा जाने का अनुमान है।

बादलों की वजह से सूरज की धूप धरती तक नहीं पहुंचेगी। इस दौरान तेज शीतलहर चलने की संभावना है। 27 दिसंबर से दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी और कड़ाके की ठंड का असर दिखने लगेगा।