मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करते हुए संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। नए शेड्यूल के अनुसार, अब मुख्य परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इससे पहले आयोग ने परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 के बीच कराने की घोषणा की थी। लेकिन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य परीक्षा की तिथियों से टकराव होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।

आयोग ने बताया कि संशोधित समय सारिणी अभ्यर्थियों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है। पहले घोषित कार्यक्रम में अंतिम दो पेपर UPSC मुख्य परीक्षा के साथ पड़ रहे थे। जिससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को कठिनाई का सामना करना पड़ता। इसी वजह से परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ाने के बजाय पहले आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

नए कार्यक्रम के मुताबिक, 8 अगस्त (शनिवार) को सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र होगा। इसके बाद 9 अगस्त (रविवार) को सामान्य अध्ययन द्वितीय, 10 अगस्त (सोमवार) को सामान्य अध्ययन तृतीय और 11 अगस्त (मंगलवार) को सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा। वहीं, 12 अगस्त (बुधवार) को सामान्य हिंदी तथा 13 अगस्त (गुरुवार) को हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का पेपर होगा।

गौरतलब है कि आयोग ने 19 जून को राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का कार्यक्रम जारी किया था। जिसमें परीक्षा 17 से 22 अगस्त के बीच प्रस्तावित थी। इसके बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा तिथियों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई और बताया कि अंतिम दो प्रश्नपत्र UPSC मुख्य परीक्षा की तारीखों से मेल खा रहे हैं। उम्मीदवारों की इस मांग पर विचार करने के बाद MPPSC ने संशोधित शेड्यूल जारी करते हुए नई परीक्षा तिथियों की घोषणा कर दी।