भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के मामले में शनिवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया और गिरफ्तार आरोपी मोबिन को फांसी देने या उनके हवाले करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने थाने में घुसने की कोशिश की और गेट पर धक्का-मुक्की की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। इस बीच घटना की रात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाते और कुछ देर बाद अकेले लौटते हुए दिखाई दे रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने भोपाल-सीहोर रोड पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपी को बीच सड़क पर फांसी देने और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के कारण सड़क पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की और बाद में यातायात सामान्य कराया। फिलहाल प्रदर्शन शांत हो गया है लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढें:छतरपुर में रेपिस्ट को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, HIV पॉजिटिव आरोपी ने कॉन्सटेबल को दांत काटा
पुलिस के मुताबिक, बैरागढ़ में बच्ची 15 अक्टूबर की रात लापता हुई थी। अगले दिन यानी 16 अक्टूबर को उसका शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खाली और खंडहरनुमा इमारत में मिला। शव की स्थिति से घटना की गंभीरता सामने आई। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था, सामने के दो दांत टूटे हुए थे और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे।
शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न और गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोबिन को गिरफ्तार कर लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म भी कबूल किया है। हालांकि, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
मामले में एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि पुलिस ने हत्या और बहला फुसलाकर ले जाने सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जाएंगी। एसीपी के मुताबिक, बच्ची का शव एक खाली इमारत से बरामद किया गया था। पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई की है और पीड़ित परिवार के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर चक्काजाम करने की कोशिश की थी लेकिन फिलहाल यातायात सुचारु है।
यह भी पढें:कोटा में श्रद्धालुओं से भरा ट्रैवलर पुलिया से गिरा, MP के 8 लोगों की मौत और 17 घायल
घटना के बाद बच्ची के परिवार में शोक का माहौल है। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को घर ले गए। वहीं, बच्ची की हत्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान आरोपी को फांसी देने और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने जैसी मांगें उठाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रखा गया है।