कोटा में श्रद्धालुओं से भरा ट्रैवलर पुलिया से गिरा, MP के 8 लोगों की मौत और 17 घायल
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैंपो ट्रैवलर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल के 8 यात्रियों की मौत और 17 लोग घायल हुए।
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 17 अन्य घायल हो गए। यात्रियों से भरा ट्रैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। वाहन में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे और भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलें आईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सुबह अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, कई मृतकों के शव वाहन की सीटों के बीच फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, घायल यात्रियों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ी।
रेस्क्यू टीम के एक सदस्य ने बताया कि दुर्घटना के दौरान ट्रैंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा एक्सप्रेसवे से नीचे की ओर टकराया होगा। वाहन का बोनट और अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति का शव डैशबोर्ड का शीशा तोड़कर बाहर की ओर आ गया था।
सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, पुलिस को दुर्घटना की सूचना सुबह करीब 6:15 बजे मिली थी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।
कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रैंपो ट्रैवलर में अलग-अलग परिवारों के लोग सवार थे। प्रशासन मृतकों और घायलों के बीच आपसी रिश्तों की जानकारी जुटा रहा है।




