छतरपुर में रेपिस्ट को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, HIV पॉजिटिव आरोपी ने कॉन्सटेबल को दांत काटा
छतरपुर में दुष्कर्म आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आरक्षक को दांतों से काटकर लहूलुहान कर दिया। जांच में आरोपी HIV पॉजिटिव निकला।
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक आरक्षक के हाथ पर दांतों से काट लिया। घटना बक्सवाहा थाना क्षेत्र की है। घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में आरोपी की मेडिकल जांच में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद आरक्षक को बेहतर जांच और उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि स्थायी वारंटी और दुष्कर्म के मामले में आरोपी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी उसे पकड़ने पहुंचे। टीम ने जैसे ही उसे हिरासत में लेने की कोशिश की वैसे ही वह विरोध करते हुए भागने लगा। इसी दौरान उसने एक आरक्षक के हाथ पर काट लिया जिससे खून निकलने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:कोटा में श्रद्धालुओं से भरा ट्रैवलर पुलिया से गिरा, MP के 8 लोगों की मौत और 17 घायल
घटना के बाद घायल आरक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार, आरोपी का भी ब्लड टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट में उसके HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद घायल आरक्षक की स्वास्थ्य संबंधी जांच और आगे के उपचार के लिए उसे सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले में जरूरी चिकित्सीय सावधानियां बरती जा रही हैं। आरक्षक की मौजूदा स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। हालांकि, HIV पॉजिटिव व्यक्ति के काटने से संक्रमण हुआ है या नहीं इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में 112 लो फ्लोर बसें डिपो से गायब, लोन नहीं चुकाने पर बैंक ने सीज की 100 बसें
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी के काटने के बाद घायल आरक्षक को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। आरोपी की जांच रिपोर्ट में HIV संक्रमण सामने आने के बाद निर्धारित चिकित्सीय प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस जब आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंचती है तब कई बार कुछ लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस इस घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है।




