भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले के साथ मंगलवार को हादसा हो गया। एयरपोर्ट से होटल जाते समय VIP रोड पर काफिले में शामिल कई बाइकें आपस में टकरा गई। हादसे में 6 से 7 युवकों के घायल होने की जानकारी है। इनमें 4 से 5 बाइक सवारों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, ओवैसी मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे भोपाल एयरपोर्ट से होटल के लिए रवाना हुए थे। वे यहां एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक कार और मोटरसाइकिलों से चल रहे थे। इसी दौरान VIP रोड पर अचानक काफिले की रफ्तार प्रभावित हुई और पीछे चल रही बाइकें एक-दूसरे से टकरा गई।
वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। एक बाइक के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आ रहे कई दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर उससे भिड़ते नजर आ रहे हैं। टक्कर के बाद कई युवक सड़क पर गिर गए। उस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवकों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि दो युवकों को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आई हैं। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवैसी के वाहन के साथ बड़ी संख्या में बाइक सवार चल रहे थे। अचानक आगे चल रहे वाहन के ब्रेक लगाने के बाद पीछे की बाइकें संभल नहीं सकीं और एक के बाद एक टकराती चली गई। हादसे के बाद ओवैसी का काफिला आगे होटल की ओर रवाना हो गया।
घटना के बाद VIP रोड पर काफिले के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर बाइक सवारों के हेलमेट और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर चर्चा है। VIP रोड शहर का प्रमुख मार्ग है। वहां अक्सर मंत्रियों और अन्य VVIP लोगों की आवाजाही होती रहती है।