जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव के पास बरगी बांध की नहर में नहाने गई चार लड़कियां तेज बहाव में बह गई। इनमें से एक लड़की किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई। जबकि, तीन लड़कियां डूब गई। कई घंटों की सर्चिंग के बाद दो किशोरियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि, एक अन्य की तलाश अब भी जारी है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सभी लड़कियां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां आई थी। शादी की व्यस्तताओं के बीच पांच लड़कियां पास स्थित नहर पर नहाने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लड़कियां मोबाइल से वीडियो और रील बना रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार लड़कियां पानी में उतरी थी। जबकि, एक लड़की किनारे खड़े होकर उनका वीडियो बना रही थी।

यह भी पढ़ें:भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, मंदिर-स्कूल के पास ठेके खुलने से लोग सड़क पर

बताया जा रहा है कि नहर के तेज बहाव का अंदाजा लड़कियों को नहीं लग पाया और अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वे पानी के तेज प्रवाह में फंस गई। जब किनारे मौजूद लड़की ने अपनी सहेलियों को बहते देखा तो उसने मोबाइल वही छोड़ दिया और उन्हें बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। उसने साहस दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन बाकी तीन गहरे पानी में बह गई।

उस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी लड़कियों को बचाने की कोशिश की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवती ने साड़ी फेंककर उन्हें पकड़ाने की कोशिश भी की लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई मदद नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 

यह भी पढ़ें:ब्रिटेन के संसद का ऐतिहासिक फैसला, 2008 के बाद जन्में लोगों पर लाइफटाइम टोबैको बैन

करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सान्या पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए। वहीं, 14 वर्षीय तनु पटेल की तलाश अब भी जारी है। जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि लापता किशोरी की तलाश के लिए नहर और आसपास के इलाकों में लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।