बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में कान्हा नेशनल पार्क के बफर क्षेत्र से लगे एक गांव में बाघ के हमले में 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना रविवार तड़के करीब 1:30 बजे की है जब महिला अपनी झोपड़ी में सो रही थी। बाघ अचानक गांव में घुस आया और महिला पर हमला कर उसे सिर से पकड़कर करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन और ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सुगनी बाई धुर्वे के रूप में हुई है। यह घटना कान्हा नेशनल पार्क के खापा रेंज स्थित पर्रापुर बैगाटोला गांव में हुई। यह जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों के अनुसार, महिला के परिवार की चीख-पुकार सुनकर लोग टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों की आहट और हलचल के बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
बाईहर अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनंत लिल्हारे ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोटें आई थी और अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:महिला पहलवानों से यौन शोषण केस में बृजभूषण को बड़ी राहत, राउज एवेन्यू कोर्ट ने किया बरी
सिजहोरा बफर जोन के सहायक संचालक आशीष पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों को शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से इस इलाके में बाघ और तेंदुओं के आबादी वाले क्षेत्रों में आने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा, गश्त बढ़ाई जाएगी और वन अमला लगातार निगरानी करेगा। विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय घरों के दरवाजे बंद रखने, अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाने तथा बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने की अपील की है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दावा किया है कि सुगनी बाई का परिवार बिना दरवाजे वाली झोपड़ी में रहता था। उसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़ी केंद्र सरकार की योजना का लाभ नहीं मिल सका था। घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं। जबकि, जांच के साथ ही पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर, औकिब नबी को मिला मौका