चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर, औकिब नबी को मिला मौका
घुटने की चोट से पूरी तरह न उबर पाने के कारण जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। BCCI ने जल्दबाजी न करते हुए उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के स्टार तेज गेंदबाज औकिब नबी को भारतीय टीम में शामिल किया है।
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। जिसके चलते उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी जगह जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को टीम में शामिल किया है। भारत लगभग नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने जा रहा है। इसकी शुरुआत 15 अगस्त से गॉल में होगी।
बुमराह ने मार्च में भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के जरिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की, लेकिन पहले दो मुकाबलों के बाद बाएं घुटने में चोट के कारण तीसरे मैच से बाहर हो गए। उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए टीम में चुना गया था। हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर थी। शुरुआती रिपोर्टों में उनके फिट होने की बात सामने आई थी लेकिन बाद में बोर्ड ने उन्हें खेलने का जोखिम नहीं लेने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें:सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह के दूसरे टेस्ट में खेलने की संभावना पर भी विचार किया गया था लेकिन टीम प्रबंधन और BCCI ने जल्दबाजी से बचने का निर्णय लिया। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि पहले भी खिलाड़ियों को समय से पहले मैदान पर उतारने के कारण उनकी चोट दोबारा गंभीर हुई है। ऐसे में बुमराह की पूरी तरह रिकवरी को प्राथमिकता दी गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस साल आगे एशियन गेम्स, न्यूजीलैंड दौरा और अगले साल की शुरुआत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसे बड़े मुकाबले भी खेले जाने हैं।
बुमराह की जगह टीम में शामिल किए गए औकिब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। जम्मू कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने दो सीजन में कुल 104 विकेट हासिल किए हैं। 2025-26 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 60 विकेट लेकर अपनी टीम को पहला रणजी खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7 विकेट पर 24 रन रहा था।
औकिब नबी हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ दो अनौपचारिक टेस्ट मैच खेलने वाली इंडिया ए टीम का भी हिस्सा थे। इन दोनों मुकाबलों में उन्होंने कुल छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
यह भी पढ़ें:CG: अंडा नहीं मिला तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह दो टेस्ट मैचों की सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है। भारत फिलहाल 48.75 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और फाइनल की दौड़ मजबूत करने के लिए उसे इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। वहीं, श्रीलंका 41.67 प्रतिशत अंकों के साथ छठे स्थान पर मौजूद है।




