सूरत। गुजरात के सूरत के लिंबायत इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। शहर के मीठी खाड़ी क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में अचानक आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में भारी मात्रा में साड़ियों का स्टॉक रखा होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 11 बजे के आसपास यह आग भड़की थी। उस वक्त घर में खाना बनाया जा रहा था। शुरुआती आशंका गैस सिलेंडर की लीकेज बताई जा रही है। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई लेकिन अंदर इतनी ज्यादा साड़ियां भरी हुई थी कि चलने-फिरने तक की जगह नहीं बची थी। देखते ही देखते आग साड़ियों और उनमें इस्तेमाल होने वाले केमिकल व ऑयल तक पहुंच गई जिससे लपटें तेजी से फैलती चली गई।

यह भी पढ़ें:रतलाम में पोल्ट्री फार्म में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री, 100 किलो केमिकल बरामद

स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में करीब 8 से 10 टन तक साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था। परिवार घर से ही साड़ी डिजाइनिंग और सिलाई का काम करता था। आग और धुएं ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर मौजूद लोग बेहोशी की हालत में गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अंदर से पांच लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आग से ज्यादा नुकसान धुएं के कारण हुआ और दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:बिहार के नालंदा में शीतला अष्टमी मेले में मची भगदड़, 8 लोगों की दर्दनाक मौत और कई घायल

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शाहनाज बेगम अंसारी (65), हुसा बेगम अंसारी (18), शबीना अंसारी (28), परवीन अंसारी (19) और 4 वर्षीय मासूम शुभान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूर्व मेयर दक्षेशभाई मावानी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक छोटे से घर में इतनी बड़ी मात्रा में साड़ियां रखना बेहद खतरनाक साबित हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की कि रिहायशी इलाकों में इस तरह का भारी स्टॉक रखने से बचें।

यह भी पढ़ें:दतिया में BJP पार्षद की दिनदहाड़े हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली