राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार देर रात भारतीय सेना के अधिकारियों को लेकर जा रही एक एसयूवी सड़क पर अचानक आए ऊंट से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर थईयात आर्मी एरिया के पास वॉर म्यूजियम के निकट हुआ था। वहां तेज रफ्तार टाटा सफारी ऊंट से भिड़ने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। जबकि, उनके साथ मौजूद दो लेफ्टिनेंट अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे हुई थी। सेना की ब्लैक रंग की टाटा सफारी में मेजर हमजा आरिफ, लेफ्टिनेंट अभिनव और लेफ्टिनेंट आयुष्मान सवार थे। तीनों अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद TCP-2 से TCP-3 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और एसयूवी सीधे ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन कई फीट दूर जाकर सड़क से नीचे पलट गया।

यह भी पढ़ें:जबलपुर के अमित कुमार को राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा, 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित

हादसे की सूचना मिलते ही सेना के जवान और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों अधिकारियों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया। जबकि, लेफ्टिनेंट अभिनव और लेफ्टिनेंट आयुष्मान का इलाज जारी है। दोनों अधिकारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

सदर थाना के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जगदीश दान ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक मृत ऊंट सड़क पर पड़ा मिला। जबकि, सेना की टाटा सफारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क के नीचे पाई गई। वाहन की स्थिति से टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:कुलगाम में टारगेट किलिंग, आतंकियों ने नाम पूछकर मारी गोली, छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले मेजर हमजा आरिफ मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे और भारतीय सेना में मेजर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि उनका हाल ही में विवाह हुआ था। उनके असामयिक निधन से परिवार, सैन्य साथियों और परिचितों में शोक की लहर है। शुक्रवार सुबह मिलिट्री अस्पताल से पुलिस को मेजर की मौत की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव सेना और परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह सड़क पर अचानक आए ऊंट से टक्कर को माना जा रहा है। हालांकि, वाहन की गति सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और उससे होने वाले हादसों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

यह भी पढ़ें:CNG Prices Hike: सीएनजी की कीमतों में फिर हुई बढ़ोतरी, 4 रुपए प्रति किलो बढ़े दाम