कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को यानी कि आज पहले चरण का मतदान है। राज्य की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही आज तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। यहां भी वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
बंगाल में मुख्य मुकाबला ममता बनर्जी की टीएमसी और बीजेपी के बीच है। वहीं कांग्रेस भी पूरे दमखम से चुनावी मैदान में है। 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 44,000 मतदान केंद्रों पर करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं हैं। राज्य के सभी बूथ संवेदनशील माने गए हैं। जिनमें से करीब 8,500 बूथ अति संवेदनशील हैं। वहीं 1,500 बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
खड़गपुर सदर से दिलीप घोष,आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल और बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी जैसे दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला पहले चरण में ही होगा। वहीं नंदीग्राम सीट से सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी की साख जुड़ी हुई है। बंगाल में पूर्वी-पश्चिमी मेदिनीपुर, झारग्राम और जंगलमहल का इलाका बंगाल की राजनीति में निर्णायक माना जाता है। कभी वामपंथियों का गढ़ रहा यह आदिवासी बहुल इलाका अब TMC और BJP के बीच जंग का मैदान बना हुआ है।
उधर, तमिलनाडु में DMK+ कांग्रेस और AIADMK+ BJP के बीच मुकाबला है। तमिल एक्टर थलापति विजय की नई पार्टी TVK इस लड़ाई को त्रिकोणीय बना रही है। 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 118 है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 10 मई, 2026 को समाप्त होगा।