नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत के बाद एनडीए खेमे में जश्न का माहौल है। चुनाव नतीजों से गदगद पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब सात बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने मंच से सबसे पहले छठी मईया का जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि ये प्रचंड जीत, अटूट विश्वास, बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया।
इससे पहले बिहार में NDA की जीत पर पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा, 'NDA ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।'
वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमें जब 2024 में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी तो बीजेपी की कुछ सीटें कम हो गईं। ये घटना भारत की जनता को नागवार गुजरी। जनता को विश्वास नहीं रहा कि ये सीटें कैसे कम हो गईं। यही कसक, पीड़ा हुई, इसके बाद भारत की जनता ने तय किया कि अब से जो भी चुनाव होंगे उसमें पीएम मोदी के लिए अटूट विश्वास जताएंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगे कहा कि बिहार में एनडीए की जीत पर देश के सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि स्वागत के साथ-साथ बिहार की जनता ने हो प्रंचड जनादेश दिया है। मैं सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से बिहार की जनता का अभिवादन करता हूं। यह जीत जीत नहीं सुनामी है।
बता दें कि बिहार में प्रचंड बहुमत के साथ NDA की सरकार बनी है। गठबंधन को 243 में 202 सीटों पर जीत हासिल हुई, जो रिकॉर्ड है। महागठबंधन के खाते सिर्फ 34 सीटें ही आईं। बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है।