नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नालंदा के नूरसराय में गुरुवार को महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि नीतीश जी का रिमोट कंट्रोल नरेंद्र मोदी के पास है। इसलिए... ये मत सोचिए कि सरकार नीतीश कुमार चला रहे हैं। असलियत में सरकार नरेंद्र मोदी और अमित शाह चलाते हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं जिस प्रदेश में भी जाता हूं, मुझे बिहार के लोग दिखाई देते हैं। बिहार के लोगों ने दुबई, बेंगलुरु, मुंबई जैसे कई शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर को अपने खून-पसीने से बनाया है। ऐसे में सवाल है कि आखिर बिहार में क्या कमी है कि बिहार के लोगों की यही ऊर्जा और क्षमता बिहार को बनाने में नहीं लग पा रही है? 

उन्होंने कहा कि बिहार का युवा सपना देखता है कि इंजीनियर बनूंगा, डॉक्टर बनूंगा। मां-पिता के पास जाता है और कहता है कि मुझे पढ़ाई करनी है। महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा के एक दिन पहले पेपर लीक हो जाता है और बिहार का ईमानदार युवा देखता रह जाता है। नीतीश कुमार कहते हैं कि 20 साल में बिहार को बदल दिया। लेकिन मैं पूछता हूं कि क्या बिहार में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य मिल सकता है। बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं मरने जाते हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'एक समय होता था जब नालंदा की यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया में मशहूर थी। जापान, कोरिया, इंग्लैंड से लोग पढ़ाई करने आते थे। दुनिया की शिक्षा का सेंटर नालंदा था। आज बिहार की यूनिवर्सिटी के बार में दूसरे लोगों से पूछिए। कहते हैं यहां सिर्फ पेपर लीक होता है। जिनकी सेटिंग है उन्हें पेपर मिल जाता है। बिहार के बाकी युवा देखते रह जाते हैं।'

राहुल गांधी ने छठ पर्व पर यमुना नदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा है कि मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं और यमुना नदी में नहाने के बजाय एक स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। राहुल ने आरोप लगाया कि यह छठ पूजा वोट हासिल करने के लिए किया गया नाटक है और मोदी वोट के लिए मंच पर नाच भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को छठ पूजा या बिहार की परंपरा से कोई लेना-देना नहीं है, उनका मकसद केवल वोट लेना है।