नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक लगातार प्रदर्शन कर रही है। पार्टी अब इसे लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने वाली है। इस संबंध में चर्चा के लिए कांग्रेस ने अपने सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई CWC की बैठक बुलाई है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी ने 19 अगस्त को दोपहर तीन बजे राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कार्यसमिति के सदस्यों को बुलाया है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों के साथ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके साथ ही फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) संशोधन विधेयक, 2026 को विस्तृत जांच और समीक्षा के लिए 31 सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के पास भेजने के फैसले का भी विपक्ष ने विरोध किया है। विपक्ष ने सरकार पर सदन में आखिरी समय में बिल पेश करने का आरोप लगाया। इसे लेकर भी पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर CWC में चर्चा होगी।
बिल के प्रावधानों को लेकर विपक्ष और कुछ धार्मिक संस्थाओं ने चिंता जताई। विरोध करने वालों का कहना है कि बिल के कुछ प्रावधानों के इस्तेमाल से धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि प्रस्तावित कानून धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करता।