नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना वायरस हर गुजरते दिन अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान देश में जितने मामले सामने आए हैं उतने नए केस आज से पहले देश तो क्या दुनियाभर में कभी नहीं आए थे। भारत में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 14 हजार से ज्यादा नए मामले आए हैं। इसके पहले एक दिन में सर्वाधिक संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड अमेरिका के पास था। अमेरिका में इसी साल 8 जनवरी को 3 लाख 8 हजार के करीब मामले सामने आए थे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को रिकॉर्ड 3 लाख 14 हजार 835 नए संक्रमित मिले। इसी के साथ देश में अबतक कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 59 लाख 30 हजार 965 हो गई है। देश में एक्टिव मामलों की संख्या 22 लाख 91 हजार 428 है। यानी अबतक देश में जितने लोग संक्रमित हुए हैं उसके 14 फीसदी इलाजरत हैं। यह लगातार पांचवां दिन है जब देश में ढाई लाख से ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भारत में करीब 2104 लोगों को अपनी जान कोरोना से गंवानी पड़ी। यह एक दिन में अबतक की हुई मौत का सर्वाधिक आंकड़ा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना संक्रमण ने अबतक देश में 1 लाख 84 हजार 657 लोगों की जान ले ली है। उधर कोरोना कोरोना संक्रमित लोगों के ठीक होने का दर लगातार गिरता जा रहा है। वर्तमान में देश का रिकवरी रेट 84.5 फीसदी है।

यह भी पढ़ें: भीख मांगें, उधार लें या चोरी करें, बस ऑक्सीजन लेकर आएं, दिल्ली HC ने मोदी सरकार को लताड़ा

राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश समेत 11 राज्यों में स्थिति नियंत्रण से बाहर है। कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित महाराष्ट्र में 67 हजार 468 नए केस सामने आए हैं। इस दौरान 568 लोगों की मौत हुई। उत्तरप्रदेश में बुधवार को 33 हजार 106 लोग नए कोरोना मरीज मिले जबकि 187 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में 24,638 नए मरीज मिले और 249 लोगों की मौत हुई। मध्यप्रदेश में 12 हजड 727 नए मरीज मिले।