नई दिल्ली। देशभर में कोरोना के नए लहर ने हाहाकार मचा रखा है। भारत में हर दिन न सिर्फ संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है बल्कि मौत में भी लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश में पहली बार सरकारी आंकड़ों में 4 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। वहीं लगातार तीसरे दिन 4 लाख से ज्यादा पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 4 लाख 1 हज़ार 78 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 4 हजार 187 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। बीते 24 घंटे में इस वायरस से ठीक होने वालों की संख्या 3 लाख 18 हजार 609 है। चिंता की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या 37 लाख 23 हजार को पार कर गया है और लगातार इसमें बढ़ोतरी हो रही है।

यह भी पढ़ें: कोरोना से लड़िए, मोदी से नहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने किया पीएम का बचाव

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस महामारी ने देश में 2 लाख 38 हजार 270 लोगों की जान ली है। कोरोना से अबतक देश में कुल 2 करोड़ 18 लाख 92 हजार 676 लोग संक्रमित हुए हैं। इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से अब तक कुल 1 करोड़ 79 लाख 30 हजार 960 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में पिछले 24 घंटे के भीतर 22 लाख 97 हजार 257 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 16 करोड़ 73 लाख 46 हजार 544 वैक्सीन डोज लगाई गई है।

 
 
उत्तरप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को राज्य में 372 कोरोना पीड़ितों की मौत की जानकारी दी है। राज्य में बीते 24 घंटे में 28 हजार 76 केस दर्ज किए गए हैं। यूपी में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अबतक 14 हजार 873 लोगों की मौत हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को 208 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई। राज्य में इस दौरान 13 हजार 628 नए मामले दर्ज किए गए।