नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के कल दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। जंतर मंतर पर लोग न पहुंच सकें इसके लिए राजधानी की 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया गया है। इतना ही नहीं दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। दिल्ली की किलेबंदी के लिए 23 हजार जवानों को तैनात किया गया है।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी के कल दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को पुलिस ने मंजूरी नहीं दी है। यह जानकारी शुक्रवार को जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने दी। उन्होंने कहा कि CJP ने 7 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की सूचना दी थी। तय गाइडलाइन के अनुसार 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है।

नूपुर प्रसाद ने बताया कि एहतियात के तौर पर 10 अक्टूबर को राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में रखने के लिए 10 डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कल कैंसिल रहेंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द कर दिया है।

CJP के 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपक ने कहा कि हमारा आंदोलन होकर रहेगा। जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए तय जगह है। संविधान का अनुच्छेद 19 प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार देता है, फिर अनुमति लेने की क्या जरूरत है।

उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, 'क्या 13 करोड़ वोटरों के नाम हटाने से पहले अनुमति ली गई थी। क्या आप चाहते हैं कि चुनाव में धांधली करने वालों के खिलाफ हम प्रदर्शन भी न करें। ऐसा नहीं हो सकता। देश इस तरह नहीं चल सकता। देश को बचाने के लिए हम प्रदर्शन करेंगे।'