देश में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण लोगों में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ी है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में गैस या तेल की आपूर्ति को लेकर कोई संकट नहीं है और लोगों से पैनिक बाइंग से बचने की अपील की गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग खाना बनाने के वैकल्पिक साधन के रूप में इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं।
ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इसकी बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी जा रही है। ई कॉमर्स वेबसाइट अमेजन पर ही एक दिन में करीब 1.34 लाख से अधिक इंडक्शन कुकटॉप बिकने की जानकारी सामने आई है। यह आंकड़ा इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि सामान्य तौर पर पूरे महीने में लगभग 1.80 लाख इंडक्शन चूल्हों की बिक्री होती है। यानी जितनी बिक्री पहले एक महीने में होती थी उतनी बिक्री अब कुछ ही दिनों में दर्ज की जा रही है।
अगर पिछले चार दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अमेजन समेत अन्य ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म को मिलाकर करीब 5 लाख से ज्यादा इंडक्शन कुकटॉप ऑनलाइन बिक चुके हैं। इससे साफ संकेत मिलता है कि लोग तेजी से गैस के विकल्प के तौर पर इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की ओर रुख कर रहे हैं। मांग इतनी तेज है कि कई कंपनियों को लगातार अपना स्टॉक भरना पड़ रहा है फिर भी कई जगह उत्पाद उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अमेजन पर इंडक्शन कुकटॉप बेचने वाली करीब 100 कंपनियों में से लगभग 70 कंपनियों का स्टॉक खत्म हो चुका है। कई ब्रांड्स के उत्पाद कुछ ही घंटों में आउट ऑफ स्टॉक हो रहे हैं। अचानक बढ़ी इस मांग ने कंपनियों के लिए सप्लाई बनाए रखना चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
बिक्री के आंकड़ों में कुछ ब्रांड्स सबसे आगे दिखाई दिए हैं। अमेजन के एक दिन के डेटा के अनुसार, पिजन ब्रांड के लगभग 30,014 इंडक्शन कुकटॉप बिके हैं। जबकि, प्रेस्टीज के करीब 29,878 यूनिट की बिक्री हुई है। इसके अलावा फिलिप्स के 15,018 यूनिट, केंट के 7,657 यूनिट और मिल्टन के करीब 4,736 यूनिट बिके हैं। एलेन और केडलेक जैसे ब्रांड्स के भी चार हजार से अधिक यूनिट की बिक्री दर्ज की गई है।
ई कॉमर्स कंपनियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप से जुड़े सर्च और ऑर्डर दोनों में तेजी से वृद्धि हुई है। अमेजन डिजिटल सेंटर, सूरत के बिजनेस हेड संदीप काथिरिया के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर लोगों में अनिश्चितता बढ़ी है जिसकी वजह से इंडक्शन कुकटॉप के प्रति अचानक दिलचस्पी बढ़ी है। उनका मानना है कि यदि वैश्विक स्तर पर तनाव की स्थिति बनी रहती है तो आने वाले दिनों में इसकी मांग और बढ़ सकती है।
इंडक्शन चूल्हों की बढ़ती मांग का असर क्विक डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई दे रहा है। कई शहरों में ब्लिंकइट जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी इंडक्शन कुकटॉप आउट ऑफ स्टॉक हो गए हैं। इससे स्पष्ट है कि न केवल ई कॉमर्स वेबसाइटों बल्कि तेज डिलीवरी सेवाओं पर भी इनकी मांग काफी अधिक हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही रुझान जारी रहता है तो कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है जिससे इलेक्ट्रिक कुकिंग डिवाइस का बाजार और तेजी से विस्तार कर सकता है।